उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बारिश कहर बनकर बरस रही है। राजधानी दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब में आज भी भारी बारिश का अलर्ट है। हिमाचल के मंडी में तेज वर्षा जारी है तो वहीं, हरियाणा द्वारा यमुना में एक लाख क्यूसक पानी छोड़े जाने से दिल्ली में बाढ़ का खतरा है।

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश कहर भरपा रही है। कहीं पुल ढह गया है तो कहीं मकान और सड़कें धंस रही हैं। राजधानी दिल्ली भी इससे अछूती नहीं है, यहां के पॉश इलाकों तक में बीते दिन हुई भारी बारिश से अब तक पानी सड़कों पर जमा है।दिल्ली, हिमाचल और पंजाब में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के मंडी में जहां आज भी तेज वर्षा जारी है तो वहीं, हरियाणा द्वारा यमुना में एक लाख क्यूसक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर तेजी से खतरे के निशान तक पहुंच रहा है।

10:52:22 AM

Monsoon Update Live उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 22 लोगों की मौत

उत्तर भारत में बीते दिन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से 22 लोगों की मौत हो गई है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ जहां नुकसान कर रही है, वहीं मैदानों में लगातार बारिश से घर क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
10:47:44 AM

Weather Update Live हिमाचल में भारी बारिश में 3 दिनों में 9 की मौत, 250 घर क्षतिग्रस्त

हिमाचल प्रदेश के मंत्री जगत सिंह नेगी ने भारी बारिश के चलते राज्य में हुए नुकसान के बारे में बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 3 दिनों में अभूतपूर्व भारी बारिश हुई है, इससे बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे, सड़कों, पीने के पानी की सुविधाओं, किसानों के खेतों के साथ-साथ घरों को नुकसान हुआ है। हादसों में नौ लोगों की मौत हुई है और लगभग 250 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

10:43:44 AM

हमीरपुर जिले में 28 संपर्क मार्ग बंद

हिमाचल के हमीरपुर में बारिश से कई मार्ग बाधित हो गए हैं और कई जगह भूस्खलन हुआ है व पेड़ भी गिरे हैं। ब्यास सहित अन्य खड्डों में पानी का प्रबाह अधिक है। जिला के विभिन्न उपमंडलों में करीब 28 संपर्क मार्ग बाधित हुए हैं। इन मार्गों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग जुटा है। 
10:15:51 AM

Weather Update Live CM सुक्खू की हिमाचल के लोगों से घर में रहने की अपील, हेल्पलाइन नंबर जारी किया

हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल के लोगों से अगले 24 घंटों तक अपने घरों के अंदर रहने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगले 24 घंटों में भारी बारिश की संभावना है। सीएम ने 3 हेल्पलाइन नंबर 1100, 1070 और 1077 भी जारी किया।

9:59:29 AM

Rain Alert दिल्ली का प्रगति मैदान टनल बंद

बारिश के चलते दिल्ली में जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है। इसी के चलते प्रगति मैदान टनल बंद कर दिया गया है।

9:48:15 AM

Weather Update Live मंडी के थुनाग में बादल फटने से बाढ़

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश ने कहर मचा रखा है। इस बीच मंडी के थुनाग में बादल फटने से बाढ़ आ गई है। इस तबाही का वीडियो भी सामने आया है।