MP में बाघ ने चरवाहे को बनाया शिकार! खा गया शरीर का आधा हिस्सा, दहशत में ग्रामीण

इंदौर के महू में पशु चराने जंगल गए बुजुर्ग का जंगली जानवर द्वारा शिकार करने का मामला सामने आया है। जानवर ने बुजुर्ग को बुरी तरह से नोंच कर मार डाला। उसके शरीर के आधे हिस्से को खा गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ ने यह शिकार किया है।

घटना महू के मलेंड़ी गांव की है। 60 वर्षीय सुंदरलाल रोज की तरह रविवार की सुबह जनवरों को चराने गए थे, तभी अज्ञात जनवार ने उस पर हमला कर दिया। जंगली जानवर ने उसके दोनों हाथ और छाती के मांस नोंचकर खा लिए। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ ने यह हमला किया है। इलाके में 40 दिनों से बाघ घूम रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुंदरलाल अपने साथ खाना नहीं ले गए थे। बेटा उन्हें खाना देने जंगल में गया था। उसने वहां पिता के जूते और गमछा जमीन पर पड़ा देखा। आगे जाने पर वहां खून के निशान भी थे। उसने फोन कर ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने वहां पहुंचकर बुजुर्ग की तलाश की तो खाई में शव मिला।