नई दिल्ली, नेशनल डेस्क। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के हौसले कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद बुलंद है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो कर्नाटक में किया है, उसे वह मध्य प्रदेश में रिपीट करेगी। राहुल ने यह भी कहा कि कर्नाटक में हमें 136 सीटें मिली थी। अब मध्य प्रदेश में हम 150 सीटें जीतेंगे।

मल्लिकार्जुन खरगे के साथ मध्य प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने की बैठक

दरअसल, मध्य प्रदेश के शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सोमवार को एआईसीसी मुख्यालय में पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक की।। सूत्रों ने कहा कि इस बैठक में राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।

एमपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर हुई चर्चा

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष व अन्य नेताओं के साथ बैठक के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य पार्टी प्रमुख कमलनाथ ने कहा,

अभी बेहद महत्वपूर्ण बैठक हुई है। चुनाव में कैसी रणनीति बनाई जाए, मध्य प्रदेश का भविष्य कैसे सुरक्षित रखा जाए, इस पर चर्चा हुई। जो राहुल गांधी (एमपी में कांग्रेस को 150 सीटें मिलने के बयान) जी ने कहा है, हम सभी उनकी बात से सहमत है।

पायलट और गहलोत से भी मिलेंगे खरगे

खरगे राजस्थान के पार्टी नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श करेंगे, जहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उनके पूर्व डिप्टी सचिन पायलट उपस्थित रहेंगे। गहलोत बैठक के लिए पहले ही राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुके हैं। इन बातचीत में राज्य इकाई प्रमुखों के साथ-साथ दोनों चुनावी राज्यों के पार्टी प्रभारी शामिल होंगे। ये पार्टी कैडरों को सक्रिय करने और इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार करने के कांग्रेस के प्रयासों का भी हिस्सा हैं।