नई दिल्ली, Karnataka Assembly Election 2023: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल (सेक्युलर) यानी जद (एस) के नेता एच डी कुमारस्वामी ने राज्य में त्रिशंकु विधानसभा होने की स्थिति में उस दल को समर्थन देने की बात कही है, जो उनकी शर्तों को पूरा करेगा। कुमारस्वामी ने कहा कि उनका पार्टी को 50 सीटें मिलेगी।

कुमारस्वामी ने समर्थन देने के लिए रखी यह शर्त

जद (एस) के दूसरे नंबर के नेता कुमारस्वामी ने कहा कि उनके पास किसी भी राष्ट्रीय पार्टी, भाजपा या कांग्रेस, के साथ गठबंधन करने की 'शर्तें' हैं। शर्त यह है कि कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाया जाए और उनकी पार्टी के नेताओं को जल संसाधन, बिजली और सार्वजनिक कार्यों सहित प्रमुख पद दिए जाएं।

जद(एस) ने दोनों पार्टियों को दिया समर्थन

जद (एस) का कांग्रेस और भाजपा दोनों पार्टियों को समर्थन देने का इतिहास रहा है। उसने 2006 में बीजेपी के साथ समझौता किया, जिसके बाद कुमारस्वामी पहली बार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद पार्टी ने 2018 में कांग्रेस के साथ गठबंधन किया, जिसके बाद कुमारस्वामी दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे।

'हमने तय कर लिया है, हम किसके साथ सरकार बनाएंगे'

जद (एस) के राष्ट्रीय प्रवक्ता तनवीर अहमद का कहना है कि हमने पहले ही तय कर लिया है कि हम किसके साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। जनता के लिए उचित समय आने पर हम इसकी घोषणा करेंगे। 

'हम 120 सीटें जीत रहे हैं'

कांग्रेस विधायक प्रियांग खरगे ने कहा कि हम 120 सीटें जीतने जा रहे हैं। त्रिशंकु सरकार का कोई सवाल ही नहीं है। हमें पूरा विश्वास है कि हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे।

'कांग्रेस सत्ता में आएगी'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने कहा कि एग्जिट पोल की अपनी थ्योरी होती है। हम राज्य में सरकार बनाने जा रहे हैं। मैं जद (एस) के बारे में नहीं जानता, उन्हें अपना फैसला लेने दीजिए। मेरे पास कोई बैकअप योजना नहीं है। मेरी एकमात्र योजना है कि कांग्रेस पार्टी सत्ता में आएगी।

13 मई को आएंगे चुनावी नतीजे

बता दें, कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे कल यानी 13 मई को घोषित किए जाएंगे। उससे पहले, कांग्रेस और भाजपा दोनों ने राज्य में सरकार बनाने का दावा किया है।