कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार की हत्या की साजिश के आरोपों को भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित आडियो क्लिप फर्जी है।

मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार की हत्या की साजिश रचने के आरोपों के बाद एएनआई से बात करते हुए कर्नाटक में भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने कहा कि मैं बहुत हैरान था और बहुत हंसा था कि कांग्रेस चुनाव हारने से इतना डरती है। इसलिए वे इस तरह के झूठे आरोप लगा रहे हैं। मैंने कांग्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज की है।

''मैंने किसी को नहीं दी धमकी''

उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर कांग्रेस द्वारा प्रसारित किए जा रहे वीडियो झूठे हैं और मैंने किसी को धमकी नहीं दी है। कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा हमारे पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार को मारने के लिए एक खतरनाक साजिश रच रही है।

आडियो क्लिप में राठौड़ को खरगे के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते और उन्हें और उनके परिवार को खत्म करने की बात करते हुए सुना जा सकता है। पिछले साल 13 नवंबर को खरगे के बेटे प्रियांक खरगे को हत्या की धमकी देने के आरोप में राठौड़ को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।

यदि वह गलत नहीं है तो जांच से क्यों डर रहे हैं: प्रियांक

वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे व कांग्रेस विधायक प्रियांक खरगे ने रविवार को कहा कि भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ इसमें शामिल नहीं हैं तो वह जांच से क्यों डर रहे हैं? एएनआई से बात करते हुए प्रियांक खरगे ने कहा कि भाजपा को स्पष्ट करने दें, उन्हें जांच करने दें। अगर भाजपा उम्मीदवार मणिकांत राठौड़ ने कुछ भी गलत नहीं किया है, तो वह जांच से क्यों डर रहे हैं?

उन्होंने कहा कि मैं अकेला नहीं हूं, जो आरोप लगा रहा हूं कि वह मेरे परिवार को मारने की साजिश रच रहा है। उसने नवंबर में एक प्रेस कान्फ्रेंस में कहा था कि वह मेरी हत्या करना चाहता है।