वाशिंगटन, भारतीय कंपनियां अमेरिका में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार दे रही हैं। बीते कुछ सालों में भारतीय कंपनियों में अमेरिका में अरबों रुपये का निवेश भी किया है। भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के "इंडियन रूट्स, अमेरिकन सॉइल" नाम से हुए एक सर्वे में इसका पता चला है।

163 कंपनियों ने किया अरबों का निवेश

सर्वे में कहा गया कि कम से कम 163 भारतीय कंपनियों ने अमेरिका में अब तक 40 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है। भारतीय कंपनियों ने यहां 4 लाख 25 हजार रोजगार सृजित भी किए हैं। सर्वे की रिपोर्ट को अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू के आवास पर लॉन्च किया गया। सर्वे में कहा गया कि अमेरिका में सामाजिक कार्यों के लिए भारतीय कंपनियों ने 185 मिलियन डॉलर भी खर्च किए।

इस दौरान तरणजीत सिंह संधू ने कहा, 'भारतीय कंपनियां अमेरिका में ताकत, लचीलापन और प्रतिस्पर्धा लाती हैं। वे नौकरियां पैदा करते हैं और स्थानीय समुदायों का समर्थन करते हैं।' संधू ने ये बातें बड़ी संख्या में मौजूद भारतीय कंपनियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कही। उन्होंने आगे कहा, 'अमरिका में यात्रा के दौरान मैं ये देखकर हैरान रह गया कि भारतीय कंपनियों ने बदलाव लाने के लिए क्या किया है। भारतीय ना सिर्फ अमेरिका में रोजगार, निवेश और विकास के लिए अच्छा माहौल बनाते हैं, बल्कि वे स्थानीय समुदायों का भी समर्थन करते हैं। साथ ही वह स्कूलों और विश्वविद्यालयों के साथ भागीदारी करते हैं।

इन 10 जगहों पर सबसे ज्यादा रोजगार

भारतीय कंपनियों ने टेक्सास में सबसे ज्यादा 20,906 नौकरियां दी हैं। वही, न्यूयॉक में 19,162, न्यू जर्सी में 17,713, वाशिंगटन में 14,525, फ्लोरिडा 14,418, कैलिफोर्निया 14,334, जॉर्जिया 13,945, ओहियो में 12,188 और मोनटाना में 9,603 नौकरियां दी हैं।

कहां हुआ सबसे ज्यादा निवेश

भारतीय कंपनियों ने सबसे ज्यादा निवेश टेक्सास (9.8 अरब डॉलर) में किया है। इसके बाद जॉर्जिया, न्यू जर्सी, न्यूयॉर्क, मैसाचुसेट्स, केंटकी, कैलिफोर्निया, मैरीलैंड, फ्लोरिडा और इंडियाना में किया है। रिपोर्ट के अनुसार, 85 प्रतिशत कंपनियां अगले कुछ वर्षों में अमेरिका में और अधिक निवेश करने की योजना बना रही हैं। 83 प्रतिशत कंपनियां अगले पांच वर्षों में अमेरिका में अधिक कर्मचारियों को नियुक्त करने की योजना बना रही हैं।