हिसार: कृष्णा नगर में रहने वाले करीब 40 वर्षीय मुकेश सैनी ने बुधवार रात खुद को लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस दौरान उसने दो फायर किए, एक गोली उसके सिर में लगी और दूसरी गोली भी उसने चलाई, हालांकि यह दीवार पर जाकर लगी। मुकेश सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। गोलियां चलने की आवाज सुनकर कृष्णा नगर में मुकेश सैनी के घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची

स्वजनों ने उसे शहर के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां से रेफर कर उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु की। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कृ़ष्णा नगर के रहने वाले करीब 40 वर्षीय मुकेश ने बुधवार रात करीब 8:15 बजे खुद के सिर में गोली मार ली। उसने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को दो गोली मारी, हालांकि इसमें से एक ही गोली उसके सिर में लगी है

आसपास के लोगों ने बताया- शराब पीकर करता था झगड़ा

आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि मुकेश अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता रहता था, इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था। जिस कारण उसने अपने सिर में गोली मार कर आत्महत्या करने की कोशिश की है। हालांकि अभी मुकेश की हालत नाजुक होने के कारण पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। फिलहाल वह निजी अस्पताल में आइसीयू में उपचाराधीन है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस इसके दुरुस्त होने पर इसके बयान दर्ज करेगी। पुलिस मामले में जांच में जुटी है।कृष्णा नगर में एक व्यक्ति ने खुद को गोली मारी है। उसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है। घायल की हालत में सुधार होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।