नई दिल्ली, राजेंद्र सिंह परमार। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर गुजरात सरकार व भाजपा संगठन ने तैयारी शुरू कर दी है। गुजरात में लोकसभा की 26 सीटें जीतने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्य के मुख्यमंत्री विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं।

2024 लोकसभा चुनाव पर है BJP की नजर

दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्य के मुख्यमंत्री के दौरे से ये संकेत मिल रहा है कि पार्टी गुजरात की 26 लोकसभा सीटें जीतने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी इस सप्ताह सौराष्ट्र और मध्य गुजरात के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे। जिसमें आणंद, भरूच, मोरबी, राजकोट जैसे 4 जिलों को शामिल किया गया है।

लोकसभा चुनाव पर क्या होगा मुख्यमंत्री के दौरे का असर

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस सप्ताह 4 जिलों के दौरे की घोषणा की है। इस दौरान सीएम भूपेंद्र पटेल स्थानीय प्रशासन और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। इसमें पंचायत, जिला पंचायत और नगर पालिका शामिल हैं। इसके अलावा वे स्थानीय विधायक से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही जिले के मुद्दों पर निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में काम करेंगे।

लोकसभा चुनाव को लेकर संगठन में हो सकता है बदलाव

इसके अलावा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने भी जिलों का दौरा करना शुरू कर दिया है। सीआर पाटिल ने वन नेशन वन डिस्ट्रिक्ट अभियान के तहत अपने दौरे की शुरुआत की है। इस दौरे के दौरान वे स्थानीय जिला संगठनों के साथ बैठक कर रहे हैं। इसके अलावा वह जिन सीटों पर विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा को हार मिली है या फिर नुकसान हुआ है। वहां वह जिला-तालुका संगठन ढांचे में बड़े बदलाव कर रहे हैं। इसके साथ ही लोकसभा चुनाव के लिए अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं। इसी तरह संगठन में खराब प्रदर्शन करने वाले महामंत्री स्तर के पदाधिकारियों को भी बदलने का काम किया गया है।

खराब प्रदर्शन वालों का कट सकता है टिकट!

भाजपा ने उन निर्वाचित प्रतिनिधियों को विशेष निर्देश दिए हैं, जिनका लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के कारण टिकट काटा जा सकता है। बता दें कि गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 156 सीटों पर जीत मिली है और बीजेपी का वोट शेयर भी बढ़ा है। जिसे देखते हुए अब जनप्रतिनिधियों को लोकसभा चुनाव में 26 सीटें जीतने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही बीजेपी ने निर्वाचित विधायकों और मंत्रियों को निर्देश दिया है कि विधानसभा चुनाव के दौरान बूथ पर जितने वोट विधायक को मिले हैं, उससे ज्यादा वोट भाजपा प्रत्याशी को लोकसभा चुनाव में मिले। अगर विधायक या मंत्री के निर्वाचन क्षेत्र में बूथ में वोटों की संख्या कम हो जाती है तो इसे गंभीरता से लिया जाएगा।

5 लाख वोटों के बहुमत से 26 सीटें जीतने का लक्ष्य

भाजपा ने गुजरात में 5 लाख वोटों के बहुमत से 26 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। जिसमें संगठन की ओर से सभी जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं को हिदायत दी गई है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने गुजरात में 26 सीटों पर जीत हासिल की थी, लेकिन कुछ सीटों पर वोटों का अंतर कम रहा। इसलिए 2024 के लोकसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल करने और वोटों का अंतर 5 लाख से अधिक हो, इसके लिए सभी प्रयास करने होंगे। पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को जनता के बीच रहकर काम करने का निर्देश दिया है।