नई दिल्ली, कांग्रेस ने एक बार फिर अदाणी ग्रुप का चीन के साथ लिंक का इशारा किया है। कांग्रेस ने कहा कि संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की जांच के बाद ही साफ होगा कि अदाणी ग्रुप के चीन के साथ क्या संबंध हैं। कांग्रेस का ये आरोप मॉरिस चांग की सफाई के बाद आया है।

दरअसल, कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि मॉरिस चांग चीनी नागरिक हैं। कांग्रेस ने पूछा था कि अदाणी को चीन के साथ कथित संबंधों के बावजूद भारत में बंदरगाहों का संचालन करने की अनुमति क्यों दी गई और सुरक्षा चिंताओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया गया। वहीं, मॉरिस ने इस मामले में पर सफाई दी थी

कांग्रेस ने फिर लगाए आरोप

अब मॉरिस चांग की सफाई के बाद कांग्रेस ने आज फिर सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने पीएम मोदी से सवाल किए थे, पार्टी ने उनसे उनके पसंदीदा व्यवसाय ग्रुप (अदाणी ग्रुप) के बारे में पूछा था। अदाणी समूह के चीनी नागरिक मॉरिस चांग चुंग-लिंग (उर्फ लिंगो चांग) के साथ संबंध हैं, जो विनोद अदाणी के साथ अदाणी समूह की कई कंपनियों में निदेशक रहे हैं। पनामा पेपर्स में भी उनका नाम सामने आया था।

इससे पहले कांग्रेस के आरोपों पर मॉरिस चांग ने सफाई दी है। मॉरिस ने कहा कि मैं चीन का नहीं, बल्कि ताइवान का नागरिक हूं। मेरा पासपोर्ट दिखाता है कि मैं ’रिपब्लिक ऑफ चाइना’ का नागरिक हूं, जिसे अब आधिकारिक तौर पर ताइवान के नाम से जाना जाता है। यह चीन से अलग है, जिसे आधिकारिक तौर पर पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना कहा जाता है।