पंजाब के बठिंडा में बीती रात सेना के एक जवान की गोली लगने से मौत हो गई, क्योंकि उसके सर्विस हथियार की गलती से गोली चल गई। मृतक जवान की पहचान गुरुतेजस के रूप में हुई है। बठिंडा कैंट पुलिस स्टेशन के एसएचओ, गुरदीप सिंह ने यह जानकारी दी।

वहीं, भारतीय सेना ने इस घटना पर कहा कि सिपाही 11 अप्रैल को छुट्टी से लौटा था। मामला कथित तौर पर आत्महत्या के प्रयास का लग रहा है। कल बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में हुई घटना से इसका कोई संबंध नहीं है।

भारतीय सेना ने आगे कहा, 'बठिंडा मिलिट्री स्टेशन में कल गोली लगने से एक जवान शहीद हो गया। सिपाही अपने सर्विस हथियार के साथ संतरी ड्यूटी पर था। सिपाही के पास से एक ही हथियार का खोखा व कारतूस का डिब्बा मिला है। उन्हें तुरंत सैन्य अस्पताल ले जाया गया लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया।' 

वहीं मामले की जानकारी थाना कैंट पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान गुरुतेजस के तौर पर हुई है।

कल बठिंडा कैंट में चार सैनिकों की हुई थी मौत

पंजाब के बठिंडा में सैन्य स्टेशन पर बुधवार (12 अप्रैल) को तड़के हुई गोलीबारी में चार सैनिकों की मौत हो गई थी। सेना के बयान के मुताबिक, बुधवार तड़के लगभग चार बजकर 30 मिनट पर तोपखाना इकाई में मेस के पीछे मौजूद बैरक के पास दो लोगों ने सोते हुए चार सैनिकों की गोली मारकर हत्या कर दी।