बिहार विधानसभा के बजट सत्र का आज अंतिम दिन है। बुधवार सुबह 11 बजे से प्रश्नकाल से सदन की कार्यवाही की शुरू हुई। कार्यवाही शुरू होते ही बिहार में हिंसा को लेकर भाजपा नेता विधानसभा में हंगामा करने लगे।

भाजपा नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को घेरने में लगे। हंगामे के बीच वित्त मंत्री विजय चौधरी ने कहा कि सरकार की ओर से जवाब दिया जा रहा है लेकिन विपक्ष को सुनने में कोई रुचि नहीं है। सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से मुस्तैद है। हालांकि, वित्त मंत्री के बोलने के क्रम में भाजपा नेताओं का हंगामा जारी रहा।

विधानसभा के अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी ने कहा कि यही पढ़ाई हुई है। जनता ने आपको ढोल बजाने भेजा है। ढोल बजाना है तो अपने क्षेत्र में जाकर बजाइए। अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नेता अपने आचरण का प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा नेताओं के हंगामे के बाद सभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी गई।