सिंगिंग की दुनिया के फेमस रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' ने देश को अब तक 12 बेहतरीन सिंगर्स दिए हैं, और अब 13वां विनर भी दर्शकों के सामने है। कई महीनों तक अपनी सुरीली आवाज से ऑडियंस को मंत्रमुग्ध कर देने वाले कंटेस्टेंट्स के बीच फिनाले में कांटे की टक्कर देखने को मिली। इस बीच यह शो कई वजहों से सुर्खियों में रहा। मगर उतार चढ़ाव के बीच फाइनली यह शो ग्रैंड फिनाले तक पहुंच गया और सीजन 13 को उसका विनर मिल चुका है। इंडियन आइडल 13 के विनर की ट्रॉफी अयोध्या के रहने वाले ऋषि सिंह ने जीती है।

ऋषि सिंह ने जीता दिल

ऋषि सिंह शुरुआत से ही अपनी मीठी आवाज के जरिये लोगों का दिल जीतते आए हैं। शुरुआत से ही उन्होंने अपने गानों से दर्शकों और जज दोनों का दिल जीता है। इतना ही नहीं, बल्कि उनकी आवाज की तमाम गेस्ट भी तारीफ कर चुके हैं। हाल ही में इंडियन आइडल के मंच पर अब्बास मस्तान बतौर गेस्ट बनकर आए थे। इस दौरान ऋषि सिंह की आवाज सुन वह खुद को उसकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए।

कुछ महीने पहले ऋषि सिंह को कोई नहीं जानता। अयोध्या के इस लाल ने अपने टैलेंट के जरिये विनर का मुकाम हासिल किया है। उनकी जीत ने न सिर्फ अयोध्या का, बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है।

विनर ऋषि सिंह को चमचमाती ट्रॉफी के साथ 25 लाख रुपये का कैश प्राइज, एक मारुति सुजुकी की एसयूवी कार, सोनी म्यूजिक इंडिया के साथ रिकॉर्डिंग कॉन्ट्रैक्ट और साथ ही कई रोमांचक पुरस्कार भी मिला।