जौनपुर, जागरण संवाददाता। पुलिस ने गुरुवार की सुबह वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बक्शा के अलीगंज के पास मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश आनंद सागर यादव को मार गिराया। वह मध्य प्रदेश के सतना में मुनीम की हत्या व लूट के मामले में शामिल मुख्य शूटर था। पुरस्कार घोषित कुख्यात लुटेरा केराकत कोतवाली क्षेत्र के उसरापुर पचवारा का निवासी है।

पुलिस से घिरता देख बदमाश ने शुरू की फायरिंग

पुलिस के अनुसार सुबह आतंक के पर्याय बन चुके सुभाष यादव गैंग के सदस्य आनंद सागर ने पुलिस से घिर जाने पर फायरिंग शुरू कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने भी गोलियां चलाईं तो वह जख्मी होकर गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

मुनीम की हत्या डकैती का आरोपित था बदमाश

पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि 10 दिन पूर्व मध्य प्रदेश के सतना जिले में सुभाष यादव गिरोह ने एक शराब कंपनी के मुनीम हत्या कर 15 लाख की डकैती की घटना को अंजाम दिया था। मध्य प्रदेश पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया था। तभी से दोनों प्रांतों की पुलिस गिरोह की तलाश में सरगर्मी से जुटी थी। उक्त गिरोह ने जौनपुर, वाराणसी, आजमगढ़, सतना आदि जिलों में लगातार कई संगीन घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस अधीक्षक ने जिला अस्पताल में पत्रकारों को बताया कि मृत आनंद सागर का पूरा आपराधिक इतिहास जुटाया जा रहा है।