करणी सेना के सदस्य आठ जनवरी से 21 सूत्रीय मांगों को लेकर भेल क्षेत्र में धरना दे रहे हैं। करणी सेना के प्रदेश प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर के अलावा चार और पदाधिकारी अनशन पर बैठे हैं। इनकी मुख्य मांग जातिगत आरक्षण खत्म कर आर्थिक आधार पर आरक्षण और एसटी-एसी एक्ट में बदलाव करना है।

भोपाल में पिछले चार दिनों से आंदोलन कर रहे करणी सेना के सैनिक बुधवार को भी भेल इलाके में महात्मा गांधी चौराहे पर डटे रहे। 21 सूत्री मांगों के साथ भूख हड़ताल पर बैठे करणी सेना के लल्लन सिंह राजपूत की तबीयत बीती रात बिगड़ गई थी। उन्हें पानी पिलाकर आराम किया गया। इस बीच, मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि करणी सेना के कार्यकर्ता हमारे ही लोग हैं। हम उन्हें मना लेंगे।

करणी सेना के आंदोलन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हैं। भोपाल के भेल क्षेत्र में जंबूरी मैदान से निकलकर प्रदर्शनकारी महात्मा गांधी चौराहे पर पहुंच गए हैं। प्रदर्शनकारियों को चाय-नाश्ते के साथ खाने की व्यवस्था भी की जा रही है। भोपाल से सटे ग्रामीण क्षेत्रों से राजपूत समाज के लोग करणी सेना के लिए खाद्य सामग्री के साथ ही अन्य उपयोगी संसाधनों की मदद कर रहे हैं।