मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया ने करणी सेना की मांगों पर चर्चा करने की बात कही है। हालांकि उन्होंने सेना की कुछ मांगों को असंवैधानिक बताया। इस पर भी करणी सेना के सदस्य नाराज हो गए। अब उनका कहना है कि सरकार हमारी मांगों को पूरा करने का लिखित आश्वासन दें।

राजधानी के महात्मा गांधी चौराहे के अवधपूरी की तरफ जाने वाले रास्ते पर करणी सेना के कार्यकर्ता बैठकर आंदोलन कर रहे है। करणी सेना के आंदोलन का आज तीसरा दिन है। करणी सेना के प्रदेश प्रमुख जीवन सिंह शेरपुर ने 21 सूत्रीय मांगे नहीं मानने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी हैं।

जातिगत आरक्षण खत्म कर आर्थिक आधार पर आरक्षण देने समेत 21 सूत्रीय मांगों को लेकर करणी सेना परिवार के सदस्यों ने 8 जनवरी को भोपाल के जंबूरी मैदान में जनआंदोलन की अनुमति ली थी। प्रशासन की तरफ से एक दिन अनुमति दी गई थी, लेकिन इसके बाद करणी सेना प्रमुख जीवन सिंह शरेपुर समेत पांच लोग देर शाम आमरण अनशन पर बैठ गए। इसके अगले दिन कार्यकर्ता जंबूरी मैदान से एमपी नगर में महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण करने और विधानसभा के घेराव करने के लिए निकलें। जिनको पुलिस ने गांधी चौक पर ही बेरिकैटिंग कर रोक लिया।