आगरा: यमुनापार क्षेत्र के टेडी बगिया इलाके में विगत आठ तारीख को एक महिला की छत से गिरकर मृत्यु हो गई थी। मामले में परिजनों की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ थाना एत्माद्दौला में हत्या का मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

मलपुरा क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी 11 वर्ष पूर्व यमुनापार क्षेत्र के प्रकाश नगर में हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट करना शुरू कर दी थी।  इस दौरान उसको कई बार जान से मारने का प्रयास भी हुआ था।  ससुरालीजन विवाहिता को दिल्ली निवासी उसके देवर के घर पर ले गए थे, जहां पर उस को बंधक बनाकर रखा गया था। जब इसकी जानकारी विवाहिता के मायके वालों को हुई थी तो उन्होंने महिला थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद उसे वहां से लेकर आए थे। परिजनों के अनुसार दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया था। ससुरालीजन विवाहिता को अपने साथ ले गए थे जिसके बाद ससुराली जनों ने विवाहिता को टेडी बगिया काशीराम योजना में अपने रिश्तेदार के यहां पर रोक दिया।  परिजनों के अनुसार विगत आठ तारीख को उनकी बेटी तीसरी मंजिल से गिर गई थी। इसकी जानकारी दामाद ने फोन कर दी थी। परिजनों के अनुसार जब उनकी छोटी बेटी ने जानकारी दी कि उसकी बड़ी बहन से बात हुई थी तब उसने घर में झगड़ा होने की बात कही थी।  इसके बाद उन्हें अंदेशा हुआ कि उसकी हत्या की गई है।