आगरा: शाहगंज थाना क्षेत्र में एक महिला लेखपाल के ऊपर तेजाब फेंकने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है, उसे जेल भेजा जा रहा है। आरोपी की करतूत से महिला लेखपाल काफी दहशत में हैं, उसके परिजन उसका हौसला बढ़ाने में लगे हुए हैं।

महिला लेखपाल शाहगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। एक साल पूर्व उन्हें नरेश कुमार नाम का युवक परेशान कर रहा था। वह  उनके साथ छेड़खानी करता था। महिला लेखपाल की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया था।  जेल से बाहर आने के बाद आरोपी के हौसले फिर से बुलंद हो गए। महिला लेखपाल का कहना है कि वह पृथ्वीनाथ फाटक से जा रही थी। इसी दौरान आरोपी नरेश वहां आ गया। वह उनका हाथ पकड़कर जबरन उन्हें ले जाने का प्रयास करने लगा। महिला लेखपाल ने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह देख उसने उनके ऊपर तेजाब उड़ेल दिया। महिला के मोबाइल पर तेजाब की छीटें पड़ी। महिला ने किसी तरह अपनी जान बचाई। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इंस्पेक्टर शाहगंज जसवीर सिरोही ने बताया कि आरोपी नरेश को पकड़ लिया गया है।