मध्य प्रदेश पुलिस के सर्वोच्च पुरस्कार के. एफ. रुस्तमजी पुरस्कार की विशिष्ट श्रेणी में पूर्व सिमरिया एवं गुनौर थाना प्रभारी एवं वर्तमान पवई थाना प्रभारी सुशील अहिरवार को सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं मध्य प्रदेश पुलिस के डीजीपी कैलाश मकवाना द्वारा प्रदान किया गया।

यह सम्मान पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। सुशील अहिरवार ने अपने कार्यकाल के दौरान सिमरिया क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने एवं आमजन के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

उनके इस सम्मान से सिमरिया,गुनौर एवं पवई क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।