कृष्णा सेवा संस्थान ने हर्षोल्लास के साथ मनाई बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती

बालोतरा : स्थानीय सेवा संस्था कृष्णा सेवा संस्थान, बालोतरा द्वारा आज भारतीय संविधान के शिल्पकार, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धापूर्वक और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

साथ ही पूर्व में सदस्यों द्वारा महात्मा ज्योतिबा फुले की जन्मजयंती मनाई गई थी।

 इस अवसर पर वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष, उनके विचारों और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए किए गए उनके अतुलनीय कार्यों पर प्रकाश डाला।

संस्थान के अध्यक्ष धर्मेंद्र दवे ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने शिक्षित बनने, संगठित रहने और संघर्ष करने का जो मार्ग दिखाया है, उस पर चलकर ही एक समतामूलक समाज का निर्माण संभव है। 

संस्थान मार्गदर्शक पारस भंडारी ने कहा कि संस्थान सदैव उनके बताए सेवा और समानता के मार्ग पर चलने के लिए प्रतिबद्ध है।

 सभी ने सामूहिक रूप से समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्थान सरंक्षक अशोक व्यास, कृष्णा अणुव्रत सेवा समिति सरंक्षक गौतम चौपड़ा, कृष्णा खेल संस्थान अध्यक्ष आनंद मेहता, दिलीप अग्रवाल,नवनीत भाटीया सहित सदस्य उपस्थित रहे।