बालोतरा, 05 जून। जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव यादव ने गुरुवार को जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर पौधारोपण कर आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
इस अवसर पर उन्होंने स्वयं पौधा रोपित कर उपस्थित सभी कार्मिकों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने का आह्वान किया।
यह कार्यक्रम जिला कलेक्ट्रेट परिसर पर आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न शाखाओं के अधिकारीगण एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
जिला कलक्टर श्री यादव ने इस अवसर पर कहा कि, "पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। ये हमें ऑक्सीजन देते हैं, वायु प्रदूषण को कम करते हैं, भूजल स्तर को बढ़ाते हैं और मिट्टी के कटाव को रोकते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित रूप से सिंचाई और देखभाल करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है ताकि वह एक स्वस्थ वृक्ष का रूप ले सके। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील की कि वे इस पुनीत कार्य में आगे आएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन में पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाना और उन्हें पौधारोपण के लिए प्रेरित करना था। उपस्थित सभी कार्मिकों ने जिला कलक्टर के संदेश का स्वागत किया और भविष्य में पौधारोपण कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का संकल्प लिया।