जल का संग्रहण एवं संरक्षण राजस्थानी संस्कृति का अभिन्न अंग, इसे सहेज कर रखें- श्री बुनकर
बालोतरा, 05 जून। गंगा दशहरा एवं विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में जिला स्तर पर गुरूवार को जिला प्रभारी सचिव श्री ओपी बुनकर, पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी एवं जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव की उपस्थिति में वंदे गंगा अभियान जल संग्रहण एवं जल संरक्षण पखवाड़े का विधिवत शुभारंभ किया गया।
*भूरकी नाड़ी पर वैदिक मंत्रोच्चार से हुआ जल पूजन*
वंदे गंगा अभियान जल संग्रहण एवं जल संरक्षण पखवाड़े के तहत जसोल स्थित भुरकी नाड़ी पर जिला प्रभारी सचिव श्री ओपी बुनकर, पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी एवं जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल पूजन किया। इस दौरान राजीविका की महिलाओं द्वारा मंगल गीत गाये गये। साथ ही ढ़ोल वादन के साथ कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा भुरकी नाड़ी से प्रारंभ होकर जिला स्तरीय कार्यक्रम स्थल को पहुंची। इस दौरान पदयात्रा कर जल संग्रहण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।
*400 बीघा भूमि पर होगा सघन वृक्षारोपण*
जसोल स्थित 900 बीघा भूमि पर प्रथम चरण के तहत 400 बीघा भूमि पर सघन वृक्षारोपण किया जायेगा। जिसका शुभारंभ जिला प्रभारी सचिव श्री ओपी बुनकर, पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी एवं जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने पौधारोपण कर किया। जिसमें कुमट के पौधों का पौधारोपण किया जायेगा। जिला प्रभारी सचिव श्री ओपी बुनकर ने जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जल का संग्रहण एवं संरक्षण राजस्थानी संस्कृति का अभिन्न अंग है, हमे इसे सहेज कर रखना है। हम अपने आसपास स्थित अपने पारपंरिक जल स्त्रोतों को साफ सुथरा रखें, इसे गंदा होने से बचाये। मुरूस्थलीय क्षेत्र होने के कारण जल का महत्व ओर भी बढ़ जाता है। वर्षा जल की एक एक बूंद अमृत के समान है, इसके बिना जीवन की कल्पना नही की जा सकती है।
*मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के 1.25 करोड़ रूपये खर्च कर किया जायेगा जल संग्रहण*
जिला कलक्टर श्री सुशील कुमार यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 05 जून से 20 जून तक वंदे गंगा अभियान जल संग्रहण एवं जल संरक्षण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। जिसका मुख्य उदेश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ पारंपरिक जल स्त्रोतों का संर्वद्धन करना है। इस पखवाडें के दौरान पारंपरिक जल स्त्रोतों का पुनरूद्धार किया जायेगा। साथ विभिन्न विभागों द्वारा जल संग्रहण एवं जल संरक्षण के संदेश को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जायेगा। उन्होने बताया कि पिछले साल मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के तहत 2,500 कामों में से 1,700 कामों को पूर्ण किया जा चुका है। शेष प्रगतिरत कार्यो को 30 जून तक पुर्ण कर लिया जायेगा। हमारा प्रयास हो कि बारिश का पानी व्यर्थ बह कर नही जाये, इसे संजों कर रखें। पारंपरिक जल संरक्षण पद्धति को बेहतर बनाते हुए अधिक से अधिक जल संग्रहण हो। आगामी समय में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना के तहत 5,000 कामों पर 1.25 करोड़ रूपये खर्च किये जाना प्रस्तावित है।
*#अनुकृति @ प्रकृति पुस्तक के विमोचन के साथ हुआ तुलसी के पौधों का वितरण*
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मार्गदर्शन में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर अनुकृति / प्रकृति पुस्तक का विमोचन जिला प्रभारी सचिव ओपी बुनकर द्वारा किया गया। इसी के साथ वन विभाग के द्वारा तुलसी के पौधे का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
*विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने जल संरक्षण की शपथ दिला मनाया जन्मदिवस*
पचपदरा विधायक डॉ. अरूण चौधरी का जन्म दिवस मनाया गया। इस दौरान केक काटा गया और मुंह मीठा कर जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। इस अवसर पर विधायक डॉ. अरूण चौधरी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के चलाई जा रही इस मुहिम में आमजन बढ़ चढ़कर भाग ले। उन्होने बालोतरा जिले को हरा भरा बनाने के लिए जिले के उद्यमियों को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बढ़ते ओद्योगिक विकास के मध्यनजर यह महत्ती आवश्यक है कि हम अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दे। हमारा यह प्रयास आने वाली पीढ़ी को बेहतर पर्यावरण देगा। इस दौरान उन्होने जल संग्रहण एवं उसके संरक्षण एवं प्लास्टिक का उपयोग ना करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. गुंजन सोनी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश्वर सिंह चौहान, उपखण्ड अधिकारी अशोक कुमार, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षैत्रीय प्रबंधक दीपक तंवर समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधी, उद्योंगपति एवं राजीविका से बढ़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।