दो आरोपी गिरफ्तार गोलीकांड में
जनपद जौनपुर तहसील केराकत थाना क्षेत्र के बाईपास मार्ग पर, बीते दिन28 मई को हुई गोलीकांड में,दो और आरोपियों को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी मुकेश सोनकर पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऑटो चालक के साइड लेने को लेकर विवाद सामने आया है। 28 मई की शाम ऑटो चालक प्रदीप यादव पर तीन राउंड फायरिंग की गई थी। इससे उसके कंधे, हाथ और सीने में गोली लगी थी। गंभीर रूप से घायल प्रदीप को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। शुक्रवार की रात मुख्य आरोपी सब्ज़ी विक्रेता मुकेश सोनकर को उसके रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली।शनिवार रात करीब 10 बजे दो अन्य आरोपी करन सोनकर निवासी देवकली, वकील सोनकर निवासी नरहन खान चौराहा गोमती नदी के पास से भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहे थे। गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर एक पिस्टल, दो कारतूस, एक खोखा कारतूस, एक बाइक बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक डॉ.कौस्तुभ कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया है। घटनाक्रम के पीछे प्रारंभिक जांच में ऑटो चालक के साइड लेने को लेकर विवाद सामने आया है। साथ ही, अवैध हथियारों की आपूर्ति के नेटवर्क की जांच भी जारी है। पता लगाया जा है कि इनके पास हथियार कहां से आया और किसने दिया।