पंजाब की मान सरकार हर मोर्चे पर बुरी तरह विफल : चुग
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने अमृतसर में ठाकुरद्वारा मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले की कड़ी निंदा की और इसे धार्मिक स्थलों पर हमला करने की कायरतापूर्ण साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अत्यंत दुखद हैं और इससे यह स्पष्ट होता है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने की गहरी साजिश रची जा रही है। चुग ने इस हमले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को बेनकाब कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
चुग ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब में बार-बार हो रहे ग्रेनेड हमले सरकार की विफलता को दर्शाते हैं। उन्होंने भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले तीन सालों में हत्या, फिरौती, लूट और अब ग्रेनेड हमले जैसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगपति, व्यापारी, दुकानदार और आम नागरिक आज डर और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
चुग ने कहा कि पहले इस तरह के हमले पुलिस स्टेशनों पर होते थे, लेकिन अब हिंदू मंदिरों को निशाना बनाया जा रहा है, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट रूप से राज्य में सांप्रदायिक और सामाजिक विभाजन पैदा करने की साजिश का हिस्सा लगता है।
चुग ने मांग की कि पंजाब पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी जानी चाहिए ताकि वह राज्य में सक्रिय असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई कर सके। लेकिन इसके बजाय आप सरकार दिल्ली से आए अपने पार्टी नेताओं की आवभगत में लगी हुई है और राज्य की कानून-व्यवस्था को पूरी तरह राम भरोसे छोड़ दिया गया है।
चुग ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज अमृतसर दौरे पर आए दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जो किसी संवैधानिक पद पर नहीं हैं, उनकी सुरक्षा के लिए पूरे शहर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। वहीं, मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले के आरोपियों को पकड़ने में पंजाब पुलिस पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि मान सरकार राज्य के संसाधनों को पंजाब की जनता की सेवा और सुरक्षा में लगाने के बजाय अपने दिल्ली के आकाओं को खुश करने में लगी हुई है। यह वही आकाओं की सरकार है जिसने 11 साल तक दिल्ली को लूटा और अब पंजाब की जनता को भी उसी राह पर धकेल रही है।
चुग ने कहा कि आप सरकार नौसिखियों की सरकार है, जिसने पंजाब में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दी हैं। राज्य में भय और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है और पंजाब की जनता अब दिल्ली की तरह ही इस 'आपदा पार्टी' से मुक्ति चाहती है।