भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग ने नीति आयोग की वित्तीय स्वास्थ्य सूचकांक 2025 रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल को राज्य की वित्तीय बर्बादी के लिए जिम्मेदार ठहराया है। इस रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब देश के 18 बड़े राज्यों में सबसे खराब आर्थिक स्थिति वाला राज्य बन गया है।
चुग ने कहा, "भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल की अदूरदर्शी नीतियों ने पंजाब को कंगाल बना दिया है। जो सरकार ‘रंगला पंजाब’ का वादा कर सत्ता में आई थी, उसने ‘कंगला पंजाब’ बना दिया है। आम आदमी पार्टी का तथाकथित ‘दिल्ली मॉडल’ एक छलावा साबित हुआ है और अब पंजाब इसकी सबसे बड़ी कीमत चुका रहा है।"
रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब का वित्तीय स्वास्थ्य सूचकांक स्कोर मात्र 10.7 है, जो देश में सबसे कम है, जबकि ओडिशा 67.8 के स्कोर के साथ शीर्ष पर है। पंजाब की खराब स्थिति का मुख्य कारण निकृष्ट वित्तीय प्रबंधन, गैर-जिम्मेदार खर्च और कर्ज का बढ़ता बोझ है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिसंबर 2024 तक पंजाब पर ₹3.71 लाख करोड़ का सार्वजनिक कर्ज हो चुका है, जो आप सरकार की फ्रीबी राजनीति और वित्तीय कुप्रबंधन का नतीजा है।
आप सरकार की लोकलुभावन नीतियों की आलोचना करते हुए चुग ने कहा, "भाजपा विकास और रोजगार सृजन पर ध्यान देने की बात करती है, लेकिन भगवंत मान सरकार केवल मुफ्तखोरी की राजनीति कर रही है। पंजाब कर्ज के दलदल में डूब चुका है और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारों पर चल रहे हैं, जिन्हें पंजाब की आर्थिक हकीकत की कोई समझ नहीं है।"
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि पंजाब में पूंजीगत निवेश सबसे कम है, जबकि अधिकांश बजट वेतन, पेंशन और कर्ज चुकाने में खर्च किया जा रहा है। चुग ने इस पर जोर देते हुए कहा कि बिहार और झारखंड जैसे पारंपरिक रूप से पिछड़े माने जाने वाले राज्य भी अब पंजाब से बेहतर आर्थिक प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे AAP सरकार के झूठे दावों की पोल खुलती है।
चुग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की और पंजाब की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए एक ठोस वित्तीय सुधार योजना की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने पारदर्शी कर प्रणाली, औद्योगिक विकास और रोजगार उन्मुख नीतियों को पंजाब के आर्थिक पुनरुद्धार के लिए आवश्यक बताया।
चुग ने कहा, "आम आदमी पार्टी की खोखली घोषणाओं और वित्तीय कुप्रबंधन ने पंजाब को आर्थिक संकट में डाल दिया है। अब यह पंजाब के लोगों को तय करना है कि वे आर्थिक स्थिरता चाहते हैं या अरविंद केजरीवाल के असफल मॉडल का अनुसरण करने वाली सरकार। भाजपा पंजाब के आर्थिक पुनरुद्धार के लिए हर संभव लड़ाई जारी रखेगी।"