आखिर कब बंद होंगे पंजाब पुलिस पर हो रहे हमले: चुग
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के शासन में पंजाब की बिगड़ती कानून व्यवस्था की कड़ी आलोचना की। अमृतसर के गुमटाला पुलिस चौकी में हुए ताजा धमाके पर चिंता व्यक्त करते हुए चुग ने कहा कि यह पिछले 47 दिनों में पंजाब में पुलिस चौकियों और पुलिसकर्मियों पर हुआ नौवां हमला है।
चुग ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भगवंत मान की इस गंभीर मामले पर चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह उनके कुप्रबंधन और पंजाब जैसे सीमावर्ती राज्य की सुरक्षा को लेकर उनकी लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब पंजाब में लगातार इस प्रकार के हमले हो रहे हैं और आम जनता एवं सुरक्षा बलों की जान जोखिम में है, तब पंजाब सरकार के मंत्री दिल्ली में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।
चुग ने चेतावनी दी कि इस तरह की लापरवाही से आतंकवादी और देश विरोधी तत्वों का मनोबल बढ़ेगा, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा पर खतरा मंडरा सकता है। उन्होंने भगवंत मान से तुरंत प्रभावी कदम उठाने और आम नागरिकों तथा सुरक्षा बलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की, साथ ही प्रश्न किया कि कब तक पंजाब पुलिस के बहादुर जवान और आम नागरिक इन हमलों का दंश झेलेंगे।