RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने सीएम नीतीश कुमार की महिला संवाद यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि ' अच्छा है यात्रा पर जा रहे हैं। नयन सेंकने जा रहे हैं।' वहीं 2025 में 225 सीटें जीतने के नीतीश कुमार के दावे पर पूर्व सीएम ने कहा कि 'पहले आंखें सेंक लें अपनी। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी।'साथ ही इंडिया गठबंधन के नेतृत्व को लेकर कहा है कि 'पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इंडिया गठबंधन का नेता चुना जाना चाहिए। कांग्रेस के विरोध का कोई मतलब नहीं है। ममता को ही नेता बनाया जाना चाहिए।'इधर लालू यादव के बयान पर जेडीयू ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि 'आधी आबादी के बारे में इतनी घटिया सोच। इंडी गठबंधन के नेता के इस शर्मनाक बयान की जितनी भी निंदा की जाए, कम होगी। हमें गर्व है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर। आज उनके ऐतिहासिक फैसलों के कारण बिहार महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश कर रहा है।'डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने लालू यादव के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा-बिहार के लोकप्रिय सीएम नीतीश कुमार महिलाओं से संवाद करने जा रहे हैं। जिस तरह के शब्दों का प्रयोग लालू जी ने किया है, ये बड़ा ही चिंता का विषय है। पहले तो हम लोग ये समझते थे कि वो शारीरिक रूप से बीमार हैं। अब मानसिक रूप से बीमार हो गए हैं। उनको इलाज की जरूरत है।
नीतीश की महिला संवाद यात्रा, लालू बोले-नयन सेंकने जा रहे:कहा- विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व ममता बनर्जी करें, कांग्रेस के विरोध का मतलब नहीं
![](https://storage.googleapis.com/nerity.com/uploads/updates/photos/2024/12/nerity_58d74543ff4601b326d55510dca1ff74.webp)