बीजेपी में इस समय संगठन चुनाव की प्रक्रिया चल रही हैं। पार्टी ने इन चुनावों को संगठन पर्व का नाम दिया है। इस पर्व में पार्टी सर्वसम्मति से बूथ से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव कराने की कवायद में हैं। ताकि इसको कार्यकर्ताओं के बीच पर्व की तरह मनाया जा सके।प्रदेश में दिसम्बर माह में बूथ, मंडल और जिलाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उसके बाद 15 जनवरी तक प्रदेशाध्यक्ष और उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव होंगे। इन चुनावों में पदाधिकारी बनने के लिए पार्टी का सक्रिय सदस्य होना जरूरी हैं।प्रदेश के मुख्य चुनाव अधिकारी नारायण पंचारिया ने बताया कि प्रदेश में सोमवार से बूथ अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। जो 5 दिसम्बर तक चलेगी। इस दौरान 52,163 बूथ अध्यक्ष का चुनाव होगा। बूथ अध्यक्ष के साथ 11 सदस्यीय टीम का भी चुनाव किया जाएगा।इसके बाद 15 दिसम्बर तक 1135 मण्डल अध्यक्ष और 30 दिसम्बर तक 44 जिलों के जिलाध्यक्षों की चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होने बताया कि हम सर्वसम्मित से चुनाव कराएंगे। कहीं अगर एक से ज्यादा सदस्य चुनाव में खड़े होते है तो हमारे चुनाव अधिकारी उन्हें समझाकर सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। मदन राठौड़ को केन्द्रीय नेतृत्व ने करीब 4 महीने पहले प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया था। ऐसे में इन संगठन चुनावों में मदन राठौड़ का ही निर्वाचन अध्यक्ष के तौर पर किया जाएगा। पार्टी सूत्रों की माने तो इसे लेकर प्रदेश स्तर पर सहमति भी बनाई जा चुकी हैं।पिछले दिनों बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई संगठन पर्व की बैठक में प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल भी कह चुके है कि प्रदेशाध्यक्ष के तौर पर राठौड़ का ही निर्वाचन किया जाएगा। उन्होने बैठक में मौजूद चुनाव अधिकारी, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों सहित अन्य पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा था कि आप प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव को लेकर कोई एक्सरसाइज नहीं करें। प्रदेशाध्यक्ष के पद पर हम मदन राठौड़ का ही निर्वाचन करवा लेंगे।