UP के संभल में हिंसा का मंगलवार को तीसरा दिन है। स्कूल खोल दिए गए हैं। इंटरनेट आज भी बंद है। पूरे शहर में RAF पुलिस फोर्स के साथ मार्च कर रही है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग है। हिंसा प्रभावित इलाके में अभी भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। ज्यादातर लोग घर छोड़कर चले गए। घरों के बाहर ताले लटके हैं।नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी संभल जाएंगे। वह पीड़ितों से मुलाकात करेंगे। सहारनपुर के कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दैनिक भास्कर से इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि राहुल के आने की डेट अभी तय नहीं है। दो-तीन दिन में वह संभल का दौरा कर सकते हैं।इधर, मंगलवार को फिर सपा सांसद रामगोपाल यादव ने प्रशासन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया। कहा- प्रशासन ने जानबूझकर अशांति पैदा करने का काम किया। अगर कहीं से न्याय नहीं मिलेगा तो निराश होकर व्यक्ति क्या करेगा? संसद में हमारी प्राथमिकता संभल का मुद्दा है। हम इसे छोड़ नहीं सकते।