UP के संभल में हिंसा का मंगलवार को तीसरा दिन है। स्कूल खोल दिए गए हैं। हालांकि, इंटरनेट आज भी बंद है। पूरे शहर में RAF पुलिस फोर्स के साथ मार्च कर रही है। जामा मस्जिद जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेडिंग है।इधर, हिंदू पक्ष के वकील विष्णु शंकर को धमकी मिली है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बार-बार धमकी दी जा रही है। सोशल मीडिया पर उनकी मां को गाली दी जा रही है। जैन ने कहा, 'एक बात साफ करना चाहता हूं कि मैं लड़ रहा हूं, लड़ता रहूंगा। जिसको जो धमकी देनी है देता रहे, मैं अपना काम करता रहूंगा।'सोमवार दोपहर शाही जामा मस्जिद के सदर जफर अली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कहा-हिंसा के लिए स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। मस्जिद के वजूखाने से SDM ने पानी निकलवाया। यह पानी बहकर जब मस्जिद के बाहर आया तो भीड़ इकट्ठा हुई। लोगों को लगा कि मस्जिद के भीतर खुदाई चल रही है। जब लोगों ने CO से पूछा कि अंदर क्या हो रहा है, तो उन्होंने गाली दी, लाठी चलाई।इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद पुलिस ने करीब 3 बजे उन्हें हिरासत में ले लिया। करीब साढ़े 4 घंटे बाद साढ़े 7 बजे जफर को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा। हालांकि, SP कृष्ण बिश्नोई ने कहा कि हमने जफर अली को हिरासत में नहीं लिया था। बातचीत के लिए कोतवाली बुलाया था।सोमवार को संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क और सदर विधायक नवाब इकबाल महमूद के बेटे सुहैल इकबाल पर हिंसा भड़काने की FIR दर्ज की है। पुलिस ने हिंसा से जुड़े मामले में 7 FIR दर्ज की हैं। इनमें 6 नामजद और 2500 से ज्यादा अज्ञात हैं। अब तक 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई है।