अखंड सुहाग की कामना को लेकर रविवार को सुहागिनों ने करवा चौथ पर दिनभर निर्जला रहकर उपवास किया। शाम को चौथ माता की पूजा कर पति की लंबी उम्र की कामना की। चंद्रादय के बाद चंद्रमा की पूजा कर और अध्यं देकर व्रत खोला।
नगर सहित क्षेत्र में करवा चौथ को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। नगर में सुबह से ही बाजारों में खरीददारी को लेकर आवाजाही अधिक रही। महिलाओं को करवा चौथ पर उपहार देने के लिए पुरुषों ने खरीददारी की। इससे सर्राफा व्यवसायियों के यहां पर भी ग्राहकी बनी रही। बाजारों में दिनभर गहमा-गहमी रही। महिलाओं ने त्योहारी खरीददारी की। बाजारों में करवा, माला सहित पूजा सामग्री की कई अस्थाई दुकानें लगी। जहां से लोगों ने खरीदारी की। अखंड सौभाग्य की कामना से महिलाओं ने सुबह से ही निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की।