मुंबई: गीतकार एवं पटकथा लेखक मनोज मुंतशिर के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं चल रही हैं। पिछले कुछ दिनों में ही महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित तीन भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात हो चुकी है।

मनोज मुंतशिर का पूरा नाम मनोज शुक्ला है। वह मूलतः उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले की गौरीगंज तहसील के रहनेवाले हैं। पिछले कुछ दिनों में ही मनोज मुंतशिर ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, राज्य सरकार में वरिष्ठ मंत्री सुधीर मुनगंटीवार एवं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की है।

मंगलवार दोपहर बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद जब मनोज मुंतशिर से उनके भाजपा में शामिल होने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसका उत्तर हां या ना में देने के बजाय सिर्फ इतना कहा कि भाजपा का डीएनए हमें सूट करता है। मनोज मुंतशिर मुंबई में वह वर्सोवा क्षेत्र में रहते हैं।

क्यों बढ़ रहा बीजेपी से मेलजोल?

यह उत्तर भारतीयों की बहुलता वाला क्षेत्र माना जाता है। इसलिए भाजपा आगामी विधानसभा क्षेत्र में उन्हें इस क्षेत्र से प्रत्याशी बनाकर अपना उत्तर भारतीय कोटा भी पूरा कर सकती है। बता दें कि मुंबई में उत्तर भारतीय मतदाताओं की संख्या कई विधानसभा क्षेत्रों में निर्णायक है। यह वर्ग कभी कांग्रेस का प्रतिबद्ध मतदाता माना जाता था। किंतु 2014 में राष्ट्रीय राजनीति में नरेंद्र मोदी के उभार के बाद से यह पूरी तरह कटकर भाजपा के साथ आ गया था।