केशोरायपाटन में सर्पदंश से मजदूर की हुई मौत, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव किया परिजनों को सुपुर्द।

केशोरायपाटन कस्बे में सर्पदंश से मजदूरी की मौत हो गई। मजदूर 30 वर्षीय बलराम सिंह मूलरूप से बकनपुरा, किशनगंज जिला बारां का रहने वाला था। जो केशोरायपाटन में रहकर खेत में मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने एमबीएस हॉस्पिटल की मॉर्क्युरी में रखवाए शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।

केशोरायपाटन पुलिस थाने के हेड कॉन्स्टेबल महेंद्र कुमार ने बताया कि बलराम अपनी पत्नी व 3 बच्चों के साथ वार्ड नम्बर 24 में रहता था। रात को खाना खाकर घर में सोया था। परिजनों ने बताया कि तड़के 3-4 बजे उसे सांप ने काट लिया। जिससे उसकी तबियत बिगड़ने लगी। जिसके बाद खेत मालिक की मदद से उसे कोटा एमबीएस हॉस्पिटल लाया गया। सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बलराम के बाएं हाथ पर सांप के काटने का निशान है। परिजनों ने करैत प्रजाति के सांप द्वारा काटना बताया है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है।