रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि जंग में समझौते को लेकर यूक्रेन से बातचीत करने के लिए तैयार हैं। न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पुतिन ने कहा है कि भारत, चीन या ब्राजील दोनों देशों के बीच मध्यस्थता कर सकते हैं।रूस के शहर व्लादिवोस्तोक में ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम (EEZ) में बातचीत के दौरान पुतिन ने कहा कि 2022 में जब जंग शुरू हुई थी, तब इंस्ताबुल ने दोनों देशों के बीच समझौता कराने की कोशिश की थी। हालांकि, उन शर्तों को कभी लागू नहीं किया गया था। अब नए सिरे से बातचीत शुरू करने के लिए पिछली कोशिश को आधार बनाया जा सकता है।पुतिन का यह बयान तब आया है जब PM मोदी करीब 2 महीने पहले 8 जुलाई को रूस के दौरे पर गए थे। यहां उन्होंने पुतिन से जंग रोकने पर चर्चा की थी। इसके कुछ समय बाद PM मोदी 23 अगस्त को यूक्रेन की पहली यात्रा पर भी गए।इस दौरान राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के साथ बैठक में उन्होंने कहा था, 'भारत हमेशा से शांति के पक्ष में रहा है। मैं कुछ दिन पहले रूस के राष्ट्रपति पुतिन से मिला था। तब मैंने मीडिया के सामने उनकी आंख से आंख मिलाकर कहा था कि यह युद्ध का समय नहीं है।'