मणिपुर के इंफाल जिले के पश्चिमी हिस्से में सोमवार को उग्रवादियों ने ड्रोन से हमले किए। उग्रवादियों ने सेजम चिरांग गांव पर पहाड़ी की चोटी से अंधाधुंध गोलीबारी भी की। इस पर सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। ड्रोन अटैक में 23 साल की एक महिला घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई गई है।पुलिस ने बताया कि यह 2 दिन में दूसरा ड्रोन अटैक है। इससे पहले रविवार को ड्रोन हमले और गोलीबारी में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई थी। महिला की 13 साल की बेटी और एक पुलिस अधिकारी समेत 9 लोग घायल भी हुए थे। रविवार को इंफाल से 18 किमी दूर बना कोत्रुक गांव में मैतेई समुदाय के लोग रहते हैं। रविवार दोपहर 2 बजे गोलीबारी हुई। जिसके बाद लोग वहां से जान बचाकर भागे। उग्रवादियों ने खाली पड़े घरों में लूटपाट की। साथ ही 5 घरों और वहां खड़ी गाड़ियों में आग लगा दी। हालांकि सुरक्षा बलों ने रविवार रात को हमलावरों को खदेड़ दिया। इंफाल वेस्ट जिले के कौत्रुक गांव समेत 3 गांव में रविवार रात कुकी हथियारबंद उग्रवादियों ने ड्रोन से बम गिराकर हमला किया था। इसके बाद कौत्रुक गांव के सभी 17 परिवार गांव छोड़कर भाग गए हैं। सभी अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर सुरक्षित जगहों जैसे इंफाल, खुरखुल और सेक्माई चले गए हैं। लोगों में डर है। उन्हें अंदेशा है कि एक बार फिर बड़े स्तर पर हिंसा भड़क सकती है।कौत्रुक निवासी प्रियोकुमार ने बताया कि गांव में अब तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हुए हैं, जिससे सभी ने डर कर गांव छोड़ दिया है। इस बीच, कौत्रुक और आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को डर है कि हिंसा भड़कने के कारण कॉलेज फिर से बंद हो सकता है।