मानसून के मौसम में मच्छरों का काटना एक आम समस्या है। मच्छरों के काटने से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियां होने का जोखिम बना रहता है। हालांकि, सभी तरह के मच्छर इन बीमारियों का कारण नहीं बनते हैं। लेकिन, सभी तरह के मच्छरों के काटने पर खुजली और सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इससे आपको असुविधा महसूस हो सकती है। अगर आपको भी मच्छर ने काट लिया है, तो खुजली और सूजन से राहत पाने के लिए आप इन फर्स्ट एड टिप्स को अपना सकते हैं। आपको बता दें कि मच्छर जनित बीमारियों के प्रति लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हर साल 20 अगस्त को विश्व मच्छर दिवस (World Mosquito Day 2024) मनाया जाता है। इस मौके पर ओन्लीमायहेल्थ ‘मच्छर मुक्त इंडिया’ कैंपेन चला रहा है। आइए, फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के डॉक्टर रमन कुमार से जानते हैं कि मच्छर के काटने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए-

मच्छर के काटने पर सबसे पहले क्या करना चाहिए?

1. प्रभावित स्थान को धो लें

मच्छर के काटने पर खुजली करने के बजाय, प्रभावित स्थान को तुरंत पानी से धो लें। इसके लिए आप सामान्य पानी और साबुन का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे संक्रमण से बचाव होता है। साथ ही, त्वचा की स्वच्छता भी बनी रहती है। दरअसल, मच्छर के काटने के बाद, त्वचा पर बैक्टीरिया का संपर्क हो सकता है। इससे खुजली और सूजन हो सकती है। ऐसे में इससे बचने के लिए त्वचा को पानी से जरूर धोएं।

 

2. बर्फ के टुकड़े से सेंक लें

प्रभावित स्थान को पानी से धोने के बाद, आप बर्फ के टुकड़े से सेंक कर ल सकते हैं। इससे त्वचा को सूजन और खुजली से काफी राहत मिलेगी। इसके लिए आप बर्फ का टुकड़ा लें। इसे कपड़े पर लपेटे और फिर प्रभावित त्वचा पर कुछ मिनट के लिए रख दें। ठंडक से रक्त वाहिकाएं संकुचित होती हैं और सूजन से राहत मिल ती है। अगर आपको भी मच्छर के काटने के बाद खुजली या सूजन होती है, तो ठंडे पानी या बर्फ से सेंक सकते हैं।

3. एलोवेरा जेल लगाएं

मच्छर के काटने के बाद त्वचा की सूजन और खुजली को शांत करने के लिए आप एलोवेरा जेल का उपयोग कर सकते हैं। एलोवेरा जेल त्वचा को ठंडक प्रदान करता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो सूजन से राहत दिलाते हैं। आप फ्रेश एलोवेरा जेल का उपयोग कर सकते हैं।

4. एंटी-हिस्टामाइन क्रीम का इस्तेमाल करें

मच्छर के काटने पर खुजली और सूजन को कम करने के लिए एंटी-हिस्टामाइन क्रीम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इस क्रीम को लगाने से त्वचा की खुजली और सूजन से राहत मिल सकती है। 

5. नीम का तेल लगाएं

मच्छर के काटने पर त्वचा की सूजन और खुजली को कम करने के लिए नीम का तेल जरूर लगाएं। नीम के तेल में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं, जो संक्रमण से बचाने में मदद करते हैं। आप प्रभावित स्थान पर नीम का तेल लगा सकते हैं। इससे आपको काफी राहत मिलेगी।

मच्छर के काटने पर आप इन उपायों को आजमा सकते हैं। लेकिन अगर मच्छर के काटने पर आपको लंबे समय तक खुजली और सूजन जैसी समस्या हो, तो इसे नजरअंदाज बिलकुल न करें। इस स्थिति में आपको डॉक्टर से जरूर कंसल्ट करना चाहिए।