चंपाई सोरेन आज 2 बजे रांची के धुर्वा स्थित शहीद मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा में शामिल होंगे। कार्यक्रम में खुद झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी शिवराज सिंह चौहान और हिमंत बिस्वा सरमा शामिल होंगे। शिवराज और हिमंत बिस्वा सरमा, चंपाई सोरेन को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे।बुधवार, 28 अगस्त को देर शाम झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की प्राथमिक सदस्यता से उन्होंने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा, 'हमने जो भी फैसला लिया है, झारखंड के हित में लिया है। हम संघर्ष करने वाले व्यक्ति हैं, पीछे नहीं हटेंगे। पार्टी हमें जो भी दायित्व देगी, उसी हिसाब से हम काम करेंगे। झारखंड में विकास के साथ-साथ आदिवासियों के अस्तित्व को बचाने के लिए हम कदम उठाएंगे।'चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के 1 दिन के अंदर ही कैबिनेट में दूसरे मंत्री को जगह मिल गई है। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। सरमा ने कहा कि 'चंपाई सोरेन की जासूसी हो रही थी। दिल्ली पुलिस ने ऐसे दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों को दिल्ली पुलिस ने अपनी कस्टडी में रखा है।' असम के सीएम भाजपा की ओर से झारखंड के सह चुनाव प्रभारी भी हैं।इससे पहले असम के CM हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार रात सोशल मीडिया X पर लिखा था, 'चंपाई सोरेन ने कुछ देर पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वे रांची में आधिकारिक रूप से भाजपा में शामिल होंगे।'