यूक्रेन दौरे के 4 दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से बात की है। मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर मंगलवार को इसकी जानकारी दी।उन्होंने लिखा, "पुतिन से भारत-रूस की स्पेशल और स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को मजबूत करने को लेकर बात की। उनसे रूस-यूक्रेन जंग को लेकर भी विचार साझा किए।"2 महीने में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब पीएम मोदी की जंग रोकने को लेकर रूस के राष्ट्रपति पुतिन से बात की हो। इससे पहले मोदी 8 जुलाई को रूस दौरे पर गए थे। तब भी दोनों के बीच इसी मुद्दे पर चर्चा हुई थी। पीएम मोदी ने उन्हें कहा था- "ये समय जंग का नहीं है।"PM मोदी ने बताया कि उन्होंने हाल ही में किए यूक्रेन दौरे के बारे में भी पुतिन को जानकारी दी। उन्होंने जंग का शांतिपुर्ण समाधान करने को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। कुछ ही घंटे पहले पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से बातचीत की थी। दोनों नेताओं ने यूक्रेन समेत तमाम वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन में शांति और स्थिरता के लिए भारत के समर्थन की बात दोहराई थी।