पति पत्नी के बीच आपसी झगड़े में युवक ने सुसाइड कर लिया। उसने हॉस्टल के ऑफिस में जाकर फांसी लगा ली। युवक रविंद्र (25) खडीला, थाना अटरू जिला बारां का रहने वाला था। वर्तमान में कुन्हाड़ी स्थित लैंडमार्क सिटी स्थित एक हॉस्टल में रहता था। उसकी पत्नी हॉस्टल में वार्डन का काम करती है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है।

हॉस्टल में ही रहते थे पति-पत्नी

बड़े भाई हेमराज ने बताया- रविंद्र 2017 से कोटा में रहकर काम करता था। मई 2023 में उसकी शादी की थी। रविंद्र की पत्नी गर्ल्स हॉस्टल में वार्डन का काम देखती है। पति रविंद्र प्राइवेट काम करता था। दोनों लैंडमार्क स्थित एक हॉस्टल में रह रहे थे। रात 1 बजे रविंद्र के सुसाइड करने की जानकारी फोन पर मिली। जिसके बाद गांव से कोटा आए। रविंद्र व उसकी पत्नी राखी (,सोमवार) पर गांव आए थे। त्योहार के बाद मंगलवार को वापस कोटा आ गए। गांव से आने के बाद घरेलू बातों को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ बताया।

कुन्हाड़ी थाना ASI धनराज ने बताया कि रात को पारिवारिक कारणों के चलते दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। पत्नी अपने कमरे में थी। रविंद्र ने ऑफिस में जाकर बेड शीट से फांसी लगा ली। पता लगने पर परिजन व हॉस्टल स्टाफ उसे एमबीएस हॉस्पिटल लाए। रात 1 बजे एमबीएस चौकी से थाने को सूचना मिली। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।