भाजपा ने मंगलवार, 20 अगस्त को राज्यसभा उपचुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की। कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुईं किरण चौधरी हरियाणा से पार्टी की कैंडिडेट होंगी।केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू को राजस्थान से और जॉर्ज कुरियन को मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त है। लुधियाना से 2 बार सांसद रह चुके रवनीत बिट्टू लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी ने उन्हें लुधियाना से टिकट दिया, लेकिन उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग से 20 हजार 942 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी भाजपा ने पंजाब से बिट्टू को केंद्रीय राज्य मंत्री बनाया है। मध्यप्रदेश की खाली एक राज्यसभा सीट से भाजपा ने केरल के नेता जॉर्ज कुरियन को प्रत्याशी बनाया है। कुरियन मोदी कैबिनेट में मत्स्य पालन, पशुपालन-डेयरी विभाग के राज्य मंत्री हैं। गुना से लोकसभा सांसद निर्वाचित होने के बाद जून में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राज्यसभा सीट छोड़ दी थी. बिहार से लालू यादव की बेटी मीसा भारती और विवेक ठाकुर के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद दोनों ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया। इससे राज्यसभा की 2 सीटें खाली हुईं हैं। भाजपा ने एक सीट पर मनन कुमार मिश्र को कैंडिडेट बनाया है। मनन बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष हैं। दूसरी सीट पर उपेंद्र कुशवाहा पर्चा दाखिल कर सकते हैं।