अल-अक्सा। इजरायल के दक्षिणपंथी नेता इतामार बेन ग्वीर ने सैकड़ों इजरायलियों के साथ मंगलवार को यरुशलम में विवादित अल-अक्सा मस्जिद में जाकर प्रार्थना की। बेन ग्वीर के इस कदम से यूरोपीय देशों के साथ में अन्य देश नाराज हो गए हैं। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब हमास प्रमुख इस्माइल हानिया की हत्या के बाद इजरायल पर ईरान और लेबनान द्वारा हमले की आशंका बनी हुई है।

दरअसल, अल-अक्सा मस्जिद परिसर में यहूदियों के प्रार्थना करने पर प्रतिबंध है। यही वजह है कि बेन ग्वीर के अल अक्सा में प्रार्थना करने पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विवाद हो गया है। उनकी इस हरकत से युद्ध बढ़ने की आशंका बढ़ गई है।

यहूदी भजन गाते हुए मस्जिद परिसर में दाखिल हुए बेन

समाचार एजेंसी एएफपी ने बताया कि बेन ग्वीर और 2,250 इजरायली लोगों के साथ मंगलवार को यहूदी भजन गाते हुए मस्जिद परिसर में दाखिल हुए। इस दौरान ग्वीर के साथ में भारी संख्या में इजरायली पुलिस के जवान थे। यह जानकारी अल-अक्सा के संरक्षक और जॉर्डन की संस्था वक्फ के एक अधिकारी ने दी।

हमें हमास को घुटनों पर लाना होगा- बेन ग्वीर

बेन ग्वीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने गाजा में हमास के खिलाफ युद्ध जीतने की शपथ खाई। उन्होंने कहा कि इजरायल को दोहा या काहिरा में होने वाली शांति वार्ताओं की ओर नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम हमास को हरा सकते हैं। हमें उन्हें घुटनों पर लाना होगा।