हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाली तीज के अवसर पर बड़ा एलान किया है। उन्होंने 500 रुपये में गैस सिलेंडर देने का फैसला किया है। लाखों परिवारों को 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर मिलेगा। 1 लाख 80 हजार की आय वाले परिवार को मिलेगा 500 रुपये में गैस सिलेंडर मिलेगा।सीएम नायब सैनी ने कहा कि तीज के पावन पर्व पर मैं यह घोषणा करता हूं कि हरियाणा प्रदेश के ऐसे 46 लाख परिवार जिनकी आय 1.80 लाख से कम है और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख लाभार्थी बहनों को अब गैस का सिलेंडर मात्र 500 रुपये में मिलेगा। सीएम नायब सिंह सैनी ने पांडु-पिंडरा की धरती जींद से तीज के पावन मौके पर कई घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि 30 हजार से ज्यादा अपनी माताओं-बहनों से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया। इस मौके पर आज की हमारी घोषणाएं हरियाणा के हर परिवार, विशेष कर महिलाओं को बड़ी राहत देने वाली हैं।भाजपा की डबल इंजन सरकार ने सदैव ही महिलाओं के कल्याण और उनकी भलाई को प्राथमिकता दी है। इसी कड़ी में हरियाणा की सरकार ने आज माताओं-बहनों को राहत देने के लिए निम्न घोषणाएं की हैं।

नायब सरकार के 8 बड़े ऐलान

1.एक लाख 80 हज़ार तक की वार्षिक आय वाले 46 लाख परिवारों को 500 रुपये में मिलेगा रसोई गैस सिलेंडर।

2.उज्ज्वला योजना के 12 लाख परिवारों को भी अब रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में ही मिलेगा।

3.एक लाख 80 हज़ार तक सलाना आय वाले परिवारों की लड़कियों को ग्रेजुएशन तक निशुल्क शिक्षा दी जाएगी।

4. विवाह शगुन योजना की राशि को 41 हजार रुपये से बढ़ा कर 71 हजार रुपये कर दिया है।

5. महिला उद्यमियों को अब 3 लाख की जगह 5 लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा।

6. हरियाणा पुलिस में अब महिला पुलिसकर्मियों की संख्या को बढ़ाकर 15 प्रतिशत तक किया जाएगा।

7. हरियाणा प्रदेश के 10 लाख बच्चों को फोर्टीफाइड दूध उपलब्ध कराया जाएगा।

8. तीन लाख किशोरियों और छात्राओं को फ्री सैनिटरी पैड उपलब्ध करवाए जाएंगे।