चेन्नई। 'बिरयानी मैन' के नाम से मशहूर यूट्यूबर अभिषेक रबी को चेन्नई साउथ जोन साइबर क्राइम पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया। दरअसल, अभिषेक ने अपने चैनल पर एक वीडियो में महिलाओं के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा चेन्नई के एक पार्क का अपमान करने पर भी वह मुश्किल में फंस गए। 

महिला ने दर्ज कराई थी शिकायत

एक महिला की शिकायत के आधार पर यूट्यूबर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। महिला ने कहा कि रबी ने वीडियो में महिलाओं का अपमान किया और पार्क सेम्मोझी पूंगा का अपमान किया। बता दें कि रबी ने तीन महीने पहले 'OYO vs सेम्मोझी पूंगा' नाम से एक वीडियो पोस्ट किया था।

वीडियो में कथित तौर पर रबी ने महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की और पार्क का अपमान भी किया। वीडियो को देखने के बाद चेन्नई की महिला ने शिकायत दर्ज कराई। उसने यह भी दावा किया कि वह अक्सर पार्क में टहलने जाती है।

'बिरयानी मैन' के 4 लाख सब्सक्राइबर 

इसके बाद साइबर क्राइम विंग पुलिस ने रबी के खिलाफ बीएनएस एक्ट, आईटी एक्ट, महिलाओं का अभद्र चित्रण (निषेध) अधिनियम और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम, 1998 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। साइबर क्राइम विंग ने रबी को उसके घर से गिरफ्तार किया है। यूट्यूबर को सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के लिए बता दें कि रबी के चैनल पर 4 लाख से ज़्यादा सब्सक्राइबर हैं।