देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसूनी बारिश हो रही है। वहीं, कई जगहों पर भीषण बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति बन गई है। वहीं, देश में मानसून सीजन के करीब चार में से दो माह बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सिर्फ सामान्य से तीन प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मानसून अब तक दक्षिण भारत में मेहरबान बना हुआ है। यहां पर सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। उत्तर और पूर्व भारत में भी एक जून को शुरू हुए मानसून ने लोगों को निराश किया है। यहां पर सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, मध्य भारत में बारिश सामान्य रही है। इस बार सबसे अधिक बारिश तमिलनाडु में दर्ज की गई है, जो सामान्य 113.4 मिलीमीटर से 56 प्रतिशत अधिक 177.5 मिमी दर्ज की गई है। वहीं, पंजाब में इस वर्ष सामान्य से 44 प्रतिशत कम बारिश हुई है। इस वर्ष 29 में से एक भी राज्य में सामान्य से बहुत अधिक बारिश नहीं हुई है। देश में अब तक सिर्फ आठ ही राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, जबकि 13 ऐसे राज्य हैं, जहां पर बारिश अभी तक सामान्य रही है। वहीं, आठ राज्यों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है। मालूम हो कि देश में हर साल इस समय तक 418.9 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 430.2 मिमी बारिश हो चुकी है।