जिला पंचायत कार्यालय परिसर पन्ना में शुक्रवार को पौधारोपण महाअभियान की गतिविधियों के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघ प्रिय, अतिरिक्त सीईओ अशोक चतुर्वेदी, परियोजना अधिकारी संजय सिंह परिहार सहित अन्य उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत 20 पौधों का रोपण किया गया।

उल्लेखनीय है कि जिले में सतत रूप से पौधारोपण महाअभियान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान में 25 हजार के लक्ष्य के विरूद्ध 18 जुलाई की स्थिति में 13 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। शासन के निर्देशानुसार इस वर्ष भी वर्षाकाल में वृहद स्तर पर पौधरोपण सुनिश्चित कर सुरक्षा के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। इस अभियान में समाज के सभी वर्ग के लोगों सहित जनप्रतिनिधियों, लोकसेवकों, गणमान्य नागरिकों, मीडिया और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी पौधरोपण की अपील की गई है। जिला कलेक्टर द्वारा विभागवार पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित कर पौधे रोपने और वायुदूत (अंकुर) एप पर फोटो अपलोड करने के निर्देश जारी किए गए हैं। आम नागरिक भी प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए पौधरोपण कार्यक्रम में अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सकते हैं। इसके लिए एप पर पंजीयन कराना होगा तथा पौधरोपण के पश्चात एप पर फोटो अपलोड करना होगी। लिंक अथवा स्कैन के जरिए भी एप का उपयोग किया जा सकता है। वृक्षारोपण महाअभियान में जिले में अब तक सर्वाधिक आंवला के पौधे रोपे गए हैं। इसी तरह महुआ, कचनार, अमलतास, बरगद, इमली, बेर, गुलमोहर, पीपल, अचार, करंज, शीशम, अशोक, नीम, सागौन, आम और अन्य प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया है। पौधों के रोपण के बाद लिंक अथवा बार कोड के जरिए भी एप का उपयोग कर फोटो अपलोड कर सकते हैं।