संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज एनडीए सरकार के गठन के बाद अपना पहला अभिभाषण दिया। राष्ट्रपति ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत के लोकसभा चुनाव की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि ये लोकसभा भारत की नई ऊंचाई की गाथा लिखेगी।राष्ट्रपति ने कहा कि सरकारी योजनाओं की वजह से ही पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। मुर्मु ने आगे कि मेरी सरकार दिव्यांग भाई-बहनों के लिए किफायती और स्वदेशी सहायक उपकरण विकसित कर रही है। मेरी सरकार श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को एकीकृत कर रही है। डिजिटल इंडिया और डाकघरों के नेटवर्क का उपयोग करके दुर्घटना और जीवन बीमा का कवरेज बढ़ाने के लिए काम किया जा रहा है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आगे कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब देश के गरीब, युवा, महिलाएं और किसान सशक्त होंगे। इसलिए मेरी सरकार द्वारा उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मुर्मु ने कहा कि हमारा लक्ष्य उन्हें हर सरकारी योजना का लाभ पहुंचाना है। भारत इस इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहा है कि एक भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संसद के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि देश में छह दशक के बाद लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत वाली स्थिर एनडीए सरकार बनी है। लोगों ने तीसरी बार इस सरकार पर भरोसा जताया है। लोग जानते हैं कि केवल यही सरकार उनकी आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है।