स्वामी दयानंद सरस्वती के नारी सशक्तिकरण की बदौलत आज देश के सर्वोच्च पद पर महिला आसीन - अभयदेव शर्मा 

बूंदी। स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जन्म जयंती के उपलक्ष में दो वर्षीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में आर्य वीर दल सेवा समिति बूंदी द्वारा 20 दिवसीय वैदिक संस्कार, योगाभ्यास व आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का गणेश बाग हनुमान राष्ट्रीय व्यायामशाला में आयोजित हुआ। समापन समारोह में शिविर संयोजक अभयदेव शर्मा ने शिविर का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती का उदय हुआ और उन्होंने भारत में नारी सशक्तिकरण, समाज सुधार व कुरीतियों को दूर करने के वे सभी कार्य किए जो आज भी उन्हीं के द्वारा बताएं मार्ग के अनुसार निरंतर हो रहे हैं और जिनकी आज भी बहुत अधिक आवश्यकता है। स्वामी दयानंद सरस्वती के महिला शिक्षा व जागरण के कार्यों की बदौलत ही आज महिलाएं सभी क्षैत्रो में प्रगति कर रही है और देश के सर्वोच्च पद राष्ट्रपति को एक आदिवासी दलित महिला सुशोभित कर रही है।

कार्यक्रम में राजेंद्र मुनि वानप्रस्थी अंजलि विहार बोरखेड़ा आर्य समाज प्रधान,छबड़ा आर्य समाज के जीतमल शास्त्री, स्वर्ग आश्रम व्यायाम शाला भाव भट्ट अखाड़े के संरक्षक पहलवान रामनारायण राठौर, राजस्थान आर्यवीर दल संभागीय संचालक व कुन्हाड़ी आर्य समाज प्रधान पूरणचंद मित्तल, राजस्थान आर्य प्रतिनिधि सभा उप प्रधान व तलवंडी आर्य समाज प्रधान सुमनबाला सक्सेना,आर्य प्रतिनिधि सभा राजस्थान संरक्षक कैलाश बाहेती व सनातन धर्म अखाड़ा समिति जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा मंचासीन रहें।

 राजेंद्र मुनि ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में और भारत की राजनीति में आर्य समाज का बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

शारीरिक शोष्ठव का किया प्रदर्शन 

इस दौरान शिविरार्थियों ने शिविर के प्रमुख प्रशिक्षक शारीरिक शिक्षक व वुशु एनआईएस कोच सुरेश वर्मा के मार्गदर्शन में संगीतमय सर्वांगसुंदर व्यायाम ,सूर्य नमस्कार, भूमि नमस्कार व चंद्र नमस्कार की सामूहिक प्रस्तुतियां दी। लाठी तलवार प्रशिक्षक लोकेन्द्रसिंह,राघव सिंह,आर्यन वर्मा, प्रियांशु सिंह, भावेश राठौर, रूपेश के मार्गदर्शन में प्रिया शर्मा,राघव शर्मा,नंदिनी सैनी, रिद्धि कृष्ण जैमिनी,दिव्यांजलि सैनी, त्रिशला सैनी,जागृत शर्मा, विश्वदेव शर्मा ने लाठी संचालन,तलवार संचालन, लाठी भिड़ंत, दंड बैठक के अभ्यासों का प्रदर्शन किया। योग प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले प्रियांशु सिंह गहलोत व राष्ट्रीय खिलाड़ी खिलाडी प्रिया शर्मा ने रिदमिक योगा की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरी। बच्चों ने बॉक्सिंग व वुशु फाइट की भी प्रस्तुतियां दी। शिविर में आर्थिक सहायता करने वाले भामाशाहों व योग, व्यायाम,लाठी, तलवार, बॉक्सिंग,वुशु के प्रशिक्षकों ,मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा एडवोकेट आदि का वैदिक साहित्य देकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी चन्द्र प्रकाश राठौर ने किया, समिति के कोषाध्यक्ष ललित शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।