टोंक। जिले में आयोजित एक शादी समारोह में मावे की मिठाई खाना लोगों को भारी पड़ गया। इस दौरान बीती शाम एक शादी समारोह में लोगों ने भोजन के साथ मावे की मिठाई का जमकर आंनद लिया। इसके बाद देर रात अचानक फूड पॉइजनिंग के चलते 100 से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत हो गई। इस घटना से गांव में कोहराम मच गया। यह घटना टोंक जिले के बीजवाड़ गांव की है। इसके बाद लोगों को समीप के केकड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो लोगों की हालत नाजुक होने से उन्हें अजमेर रेफर कर दिया हैं। जहां उनका उपचार जारी हैं।

समारोह में लोगों को मावे की मिठाई खाना भारी पड़ा
जानकारी के अनुसार नासिरदा थाना क्षेत्र के बीजवाड़ गांव में सत्यनारायण धाकड़ के यहां शादी समारोह का कार्यक्रम था। इस दौरान शाम को सामूहिक भोज आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में कई लोग खाना खाने आए। इस बीच भोजन में मावे की मिठाई भी वितरित की गई। इस मिठाई को खाने के बाद देर रात अचानक 100 से अधिक लोगों की फूड प्वाइजनिंग से तबीयत खराब हो गई। लोगों को पेट, दर्द उल्टी दस्त की शिकायत हुई। इससे गांव में कोहराम मच गया। लोगों को तत्काल समीप के केकड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सत्यनारायण धाकड़ और शंकरलाल की हालत गंभीर होने से उन्हें अजमेर रेफर कर दिया, जबकि हनुमान प्रसाद जाट, लीला धाकड़ और सीता देवी जाट अभी भी केकड़ी अस्पताल में भर्ती हैं। इसके अलावा 100 से अधिक अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुलिस ने मावे को जब्त किया
बड़ी संख्या में मावे की मिठाई खाने से फूड प्वाइजनिंग का शिकार हुए लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस दौरान नासिरदा थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मावे को अपने अधिकार में लिया। इसके अलावा देवली उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीजवाड़ गांव में पहुंच गए हैं। जहां मामले की जानकारी ले रहे हैं। इसके अलावा टोंक में खाद्य विभाग को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।