Bihar Politics in Hindi: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पूर्वी चंपारण के केसरिया में एनडीए समर्थित भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राधामोहन सिंह के पक्ष में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने एक बार फिर से लालू परिवार पर जमकर हमला बोला।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि वर्ष 2005 से हमने भाजपा के साथ काम करना शुरू किया था। पहले क्या स्थिति थी, अब कैसी स्थिति है, आप ही तय कीजिए। पहले शाम होते ही लोग घर से निकलना छोड़ देते थे। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। हमने भाजपा के साथ मिलकर उसे ठीक करने का काम किया है।

हमने समाज के सभी तबके के उत्थान के लिए  काम किया: नीतीश कुमार

नीतीश कुमार ने कहा कि हमने समाज के सभी तबके के उत्थान के लिए काम किया है। वे शुक्रवार को पूर्वी चंपारण लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत केसरिया में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने लालू यादव प्रसाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमने उन्हें बना दिया था। मगर वे अपने बीबी बच्चों को ही आगे बढ़ाने में लगे रहे।

नीतीश बोले- वह मेरी गलती थी, अब नहीं होगी

Bihar News: नीतीश कुमार ने कहा कि उनके साथ जाना  मेरी गलती थी। अब ऐसा नहीं होगा। याद कीजिए उसे दौर को जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में महीने में औसतन 11 मरीज ही पहुुंच पाते थे। अब प्रत्येक महीने 11 हजार लोग पीएचसी पहुंचते हैं। हमने महिलाओं के उत्थान के लिए कई बड़े फैसले लिए। विश्व बैंक की मदद से स्वयं सहायता समूह को सशक्त करते हुए उन्हें जीविका में तब्दील किया। 

नीतीश कुमार ने कहा कि आज बिहार में 10 लाख 51 हजार समूह में एक करोड़ 21 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। हमने पंचायत एवं शहरी निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत सीट आरक्षित कर दिया। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे लोग हिंदू-मुसलमान की बात करते हैं।