नई दिल्ली। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में सभी समुदायों के कौशल विकास को प्राथमिकता देने का वादा किया है। जनजातीय समुदाय पर विशेष फोकस किया गया है। इसके तहत विशेष पिछड़ी जनजाति समूहों की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति को समग्र आबादी के स्तर पर लाने का प्रयास किया जाएगा। इसपर सरकार 24 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संकल्प पत्र को जारी करते हुए कहा कि विकसित भारत में सबका साथ, सबका विकास एवं सभी वर्गों की पूरी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। केंद्र में 60 प्रतिशत मंत्री एससी-एसटी एवं ओबीसी वर्ग से हैं। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया है। सभी गरीब कल्याण योजनाओं का लाभ एससी-एसटी एवं ओबीसी वर्ग तक पहुंचाया गया है।

देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा

पीएम ने कहा कि देश के विकास में जनजातीय समुदाय के योगदान को मान्यता देते हुए जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। अगले वर्ष 2025 में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती है। इसे राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाएगा। साथ ही भाजपा जनजातीय विरासत पर अनुसंधान को भी प्रोत्साहित करेगी। इसके लिए डिजिटल जनजातीय कला अकादमी की स्थापना की जाएगी।