भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कांग्रेसी सांसद द्वारा अलग देश की मांग किए जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे, सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर बरसते हुए कहा कि कांग्रेसी सांसद की इस दुर्भग्यपूर्ण मांग के पीछे कांग्रेस की देश बांटो राज करो की नीयत व नीति स्पष्ट हो गई है। क्यूंकि अलग देश की मांग वाले ब्यान पर खड़गे, सोनिया तथा राहुल गांधी की चुप्पी इस बात को स्पष्ट करती है कि कांग्रेस आज भी भारत को बांटने की साजिश रच रही है।

 चुघ ने कहा कि तीन दिन पहले कांग्रेस के सांसद डी. के. सुरेश ने अलग देश बनाने की मांग की है। चुघ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक सम्पूर्ण देश एक है, हम उत्तर और दक्षिण भारत में कोई भेद नहीं करते। कल राज्यसभा में इस मुद्दे पर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे तक एक शब्द नहीं बोले। इसके पीछे कांग्रेस की देश बांटो की नीयत तथा नीति स्पष्ट नजर आ रही है। कांग्रेस को इस बारे में अपना जवाब स्पष्ट करना चाहिए।

चुघ ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भारत की छवि एक भ्रष्टाचारी, पिछड़े, अपने पांव पर खड़ा ना हो सकने वाले और अपने स्वाभिमान के साथ समझौता कर लेने वाले देश की थी। लेकिन आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पिछले 10 वर्षों में भारत को एक गौरवशाली, मजबूत और निर्णायक राष्ट्र के रूप में प्रतिष्ठित किया है। कांग्रेस जातिवाद और वोटबैंक की राजनीति करती थी, मगर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की सरकार में अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति चलती है। भाजपा ने जो कहा था वो किया है, जो नहीं कहा था देश हित और जन हित में वो भी करके दिखाया है।

चुघ ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव निकट आता है, कांग्रेस और विपक्ष को जाति जनगणना की याद आती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं, गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति (GYAN)। इन चार जातियों का भला हो जाएगा, तो समस्त जातियों का कल्याण हो जाएगा। इसलिए भाजपा की सारी योजनाएं इन्हीं के कल्याण पर केंद्रित है। 

चुघ ने कहा कि किसी ने ये सोचा नहीं था कि श्री रामलला अपने स्थान पर ही विराजमान होंगे और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कर-कमलों से भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होते देखने का सौभाग्य हम सबको मिलेगा, लेकिन 500 वर्षों के इस संघर्ष को भी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पूर्ण विराम तक पहुंचाया। 

 चुघ ने कहा कि राहुल गाँधी जिस भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं, वह असल में भारत तोड़ो न्याय यात्रा है। राहुल गांधी रोजाना कोई नया ड्रामा कर लोगों का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश में लगे हैं।